सोमवार, 31 दिसंबर 2012

'आकार' की वार्षिक प्रदर्शनी 2012


अब पहले सा उत्साह नहीं
मूमल नेटवर्क, जयपुर। कला क्षेत्र में राजस्थान में सर्वाधिक सक्रीय माने जाने वाले ग्रुप 'आकार' की वार्षिक प्रदर्शनी जयपुर के जवाहर कला केंद्र की दो कलादीर्घाओं में आयोजित हुई। हर साल अपने उल्लेखनीय उत्साह के लिए खास पहचान कायम करने वाले इस आयोजन में इस साल इसी प्रमुख तत्व का अभाव था। शायद यही कारण रहा कि हर साल की तरह जुटने वाले कला प्रसंशक इस बार बहुत कम नजर आए। यहां तक की उद्धाटन के अवसर पर भी आकार के सदस्यों के अलावा जुटे लोगों की संख्या एक दर्जन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी।
हर साल इस प्रदर्शनी में प्रदेश के साथ देश के कुछ कलाकारों का नया काम देखने की ललक में दर्शकों की खासी संख्या आती है। कुछ एक को छोड़कर कमोबेश सभी कलाकारों के काम में मामूली रद़दों-बदल के साथ नयापन था, लेकिन कुछ ने स्वयं को पूरी तरह दोहराया। नए कलाकारों के काम को बेहतर सराहना मिली। दर्शको की राय के मुताबिक प्रदर्शनी में शामिल काम और कलाकारों की समीक्षा चार स्तरों पर की गई।

बिग ब्रशेश के नए तेवर
डा. अनुपम भटनागर जो अभी तक चटक रंगों से राजस्थान के किले और कठपुतलियों तक सिमटे थे इस बार शुद्ध समकालीन विषयों के साथ कैनवास पर नजर आए। बीच में बच्चियों के बचपन से गुजरते हुए साल के अंत में इस प्रदर्शनी में युवकों के उन चश्मों से युवतियों को देखा है जैसा उन्होंने फारवर्ड राजधानी से बेकवर्ड बांसवाडा तक महसूस किया। प्रहलाद शर्मा की कृतियों के रंग पहले की तरह आंखों को भाने वाले हैं। वृक्षों और सूर्य की लपट हो या धरती की जल मग्रता सब पहले सा है, लेकिन  उनकी स्त्री आकृति के तेवर कुछ बदले हैं।

अब वह मस्तय कन्या के रूप में विदेशी अंदाज में नजर आ रही है। कृतियों में प्रहलाद हमेशा की तरह बोल रहे हैं। अनिल मोहनपुरिया की कृतियों में टैक्सचर से झांकती आकृतियां पहले से अधिक स्पस्ट हुई हैं। उमा शर्मा मथुरा के घाटों से निकल कर अब मंदिरों पर अपने कोलाज बना रही हैं। फूलेरा के रमेश शर्मा मूर्त से अमूर्त की ओर बढ़ रहे हैं। जयपुर की शैला शर्मा के मोरपंख अब मोर की आकृति लेने लगे हैं। डा. सुरेश प्रजापति के आध्यात्मिक रंग अब और गहन होते जा रहे हैं। दिनेश कुमार मेघवाल   भी परिवर्तन की ओर बढ़ते लग रहे हैं।
वो जो नहीं बदले
लक्ष्यपाल सिंह राठौड़  की कृतियों में नया जैसा कुछ नजर नहीं आया, लेकिन यह लगता रहा कि उनकी अभिनव शैली लम्बी रेस के लिए है। डा. अमित राजवंशी, डा. अशोक कुमार दीक्षित, निरंजन कुमार, देवेन्द्र कुमार खारोल, पुष्पकांत मिश्रा, विनय त्रिवेदी, राजाराम व्यास, शिवराज सिंह, सुनील बम्बल.
वे जो नहीं दिखे
आकार की वार्षिक प्रदर्शनी में हर साल अपने काम के लिए दर्शकों की चर्चा में रहने वाले कुछ वरिष्ठ कलाकार इस साल की प्रदर्शनी में नजर नहीं आए। इनमें गुडग़ांव की रागिनी सिन्हा, अजमेर की प्रिया राठौड़ व जितेन्द्र कुमार प्रमुख हैं। आते-जाते रहने वाले अनियमित कलाकारों में सौरभ भट्ट, चन्द्रशेखर सैन व राजेश हर्ष जैसे नाम भी याद किए गए। 
नव आगंतुक
अजमेर के सचिन साखलकर, दिल्ली के किरिट छत्री व हितेन्द्र सिंह भाटी, उदयपुर की अर्चना टेलर व रवीन्द दाहिमा आकार के प्रदर्शन में पहली बार नजर आए। जबकि लखनऊ की नीता कुमार की दो-तीन साल वापसी हुई है।

सोमवार, 26 नवंबर 2012

एक था राजा... और एक 'बणी-ठणी'

हां... बहुत कुछ किसी राज के महाराज और उसकी रहस्यमयी प्रेम कहानी जैसी ही है 'बणी-ठणी' की अंत:कथा। बस, राधा और कृष्ण के विशुद्ध प्रेम के पवित्र संबंधों से लिपटी पवित्र कथा। अब यह सच्ची गाथा है या  फिर रजवाड़ों और रियासतों में पनपती रही केलि-क्रीड़ा और उन्मुक्त भोग की आम कहानी जैसी... जो भी हो... रियासतों के चारण भाटों ने अपने राजा और उसकी कलावंत रमणी दासी को महिमा मंडित कर अपना पुश्तैनी कर्तव्य पूरा किया। 
इधर हमने परिस्थिति जन्य साक्ष्यों के आधार पर 
'बणी-ठणी' के सभी पक्ष आपके समक्ष रखकर अपना 
पत्रकार धर्म निभाने का प्रयास किया।
 -राहुल सेन-
राजस्थान की अरावली पर्वत श्रंखला के बीच एक रियासत थी किशनगढ़। अठारहवीं शती के मध्य में अर्थात लगभग उत्तर मध्य काल में यह रियासत काफी सम्पन्न और बड़ी रियासतों में शुमार थी। राजा सावंत सिंह का राज था। (कालांतर में इन राजा का नाम नागरी दास भी हुआ, ऐसा क्यों हुआ यह आगे स्पष्ट होगा) सौंदर्य और कला की कद्र करने वाले राजा सावंत सिंह कृष्ण भक्त थे। अपने भगवान के चलाए रास्ते पर चलते सावंत सिंह ने अनेक कलाओं और कलाकारों को अपने राज में आश्रय दिया। वे स्वयं भी चित्रकला और कविता करते थे।
रियासत की रानियां भी निम्बार्क मत की अनुयायी थीं। इसमें कृष्ण की मोहन और राधा की मादन भाव से उपासना होती थी। ऐसे में बाल कन्हैया के किलोल, गौरस, गोपी, नौका विहार, चीर हरण वाले मन मोहन का गहरा प्रभाव था। होली-दीवाली तक सभी तीज त्यौहार इससे रचे-बसे रहते। दरअसल 'माया को भ्रम और जगत को मिथ्या' कहाने वाली बातों से अलग राज्य में 'माया को यथार्थ और जगत को सत्य' मानकर राधा-माधव के अनुराग और अनुग्रह को अपनाया गया। 
 वह सामान्य नहीं थी
ऐसे में कला और सौन्दर्य प्रिय राजा का अनुग्रह और अनुराग रानी बाकांवती के साथ-साथ उनकी एक दासी के प्रति भी खूब हुआ। जाहिर है राजा की नजरों में प्रशंसा पाने वाली यह दासी सामान्य नहीं थी। वह मूलत: गायिका थी। इसी के साथ कवयित्री व कलावंत भी थी। कृष्ण सरीखे राजा की अपनी ओर आसक्ति को जानने के बाद दासी ने स्वयं को मीरा की तरह समर्पित करते हुए कृष्ण की राधा से तारतम्य कर लिया। रियासत में और बाहर भी राजा और दासी के इस अनुग्रह और अनुराग का यह आलम रहा कि दासी को राजा ने कई संबोधन और सम्मान दिए तो राजा को प्रजा ने कई उपाधियों से नवाजा।
राजा सावंत सिंह को चितवन चितेरे व कवि के साथ सनेही, अनुरागी, मतवाले आराधक जैसे संबोधनों से कई जगह उल्लेखित किया गया है। राजा को कृष्ण मानकर राधा से तारतम्य स्थापित कर चुकी दासी स्वयं को  नटवर नागर की मानने लगी तो राजा को एक संबोधन मिला नागरी दास।
उसे कई नाम मिले 
उधर दासी के जीवन में दो ही आराध्य रहे एक सवेश्वर कृष्ण और दूसरे महाराज सावंत सिंह। दासी स्वयं 'रसिक बिहारी' के नाम से कविता करती इसलिए एक नाम यह भी मिला। कलावंती और कीर्तनिन वह पहले से थी। कालांतर में लवलीज, नागर रमणी व उत्सव प्रिया नाम भी मिले।
अनुग्रह के महाभाव और अनुराग को 'पुष्टि मार्ग' मानते हुए बात लाड़-लाड़ली के प्रेम की हो या होली के अतिरेक आनंद की। दीपावली के सौन्दर्य उल्लास की हो या जलाशय के शंात जल में नौका विहार की। कुल मिलाकर उस काल खंड में राधा-कृष्ण की केलि-क्रीड़ा सहित युगल क्रीड़ा का उन्मत्त भोग और आराधना का
बोलबाला रहा।

Bani-Thani ऐसे बनी 'बणी-ठणी'

राजा के दरबार में अन्य गुणी कलाकारों में एक चित्रकार भी थे। नाम था निहाल चंद। वे विभिन्न अवसरों पर  किसी न किसी रूप में राजा के साथ इस दासी को चित्रित करते रहते थे। कहते हैं एक बार राजा ने दासी को रानियों जैसे वस्त्र और अलंकरण धारण करा के सजाया और स्वयं एकांत में उसका एक चित्र बनाया। राजा ने इसे नाम दिया 'बणी-ठणी'। वह चित्र कैसा बना, यह कभी किसी को पता नहीं चला।  जब राजा ने अपनी यह कृति दरबार के चित्रकार निहाल चंद को दिखाई तो राज चित्रकार ने उसमें कुछ संशोधन बताए। बाद में राजा ने वह चित्र अपने चित्रकार से भी बनवाया और वही चित्र सार्वजनिक किया गया।
आज हम जो 'बणी-ठणी' देखते हैं वह किशनगढ़ के राज चित्रकार निहाल चंद की ही कृति है, जो महाराज ने अपने समक्ष बनवाई और उसमें कई सुधार कराए और स्वयं भी किए। राजा सावंत सिंह की तरह चितेरे निहाल चंद को भी अपने चित्रों का विषय बनाने के लिए राजा की प्रिय दासी सर्वोतम व आदर्श माडल लगती थी। निहाल चंद की 'बणी-ठणी' बहुत लोकप्रिय हुई, लेकिन राजा सावंत सिंह की मूल 'बणी-ठणी' कृति को फिर कोई नहीं देख पाया।
कहते हैं राजा ने अपने अंतिम समय तक उस कृति को अपने साथ रखा और अंत से पूर्व उसे नष्ट कर दिया। आज हम राजस्थानी सौन्दर्य और शैली का प्रतीक बनी 'बणी-ठणी' का जो छविचित्र देखते हैं, वह सोलह आने यर्थाथ है। यह अभिज्ञान सही व सत्य है। राजा के जीवन की तरह निम्बार्क के द्वैताद्वैत और बल्लभ के पुष्ट अद्वैत का संगम 'बणी-ठणीÓ में भी हो गया। इस छविचित्र के बाद दासी का यही नाम सर्वाधिक लोकप्रिय हुआ। जीवन की संध्या बेला में 'बणी-ठणी' राजा के साथ वृंदावन में जाकर रहने लगी और वहीं उन दोनों का देहांत हुआ।

Bani-Thani आखिर किसने बनाई थी बनी-ठनी

श्रीराधा रूप में चित्रित 'बणी-ठणी' के हाथ में कमल देकर लक्ष्मी की तरह बताया है वहीं नारी के कमला और पद्मिनी रूप को भी दर्शाया है। श्रीराधा के रूप में इसे आद्याशक्ति भी माना है।  पाठ्यक्रम की पुस्तकों को आधार माने तो जहां चित्रकारी के तहत 'बणी-ठणी' की मदकारी और खुलाई को शास्त्र विधान का 'अतिक्रमणÓ माना जा सकता है वहीं नारी रूपों के निरूपण के शिल्प में इसे 'लांछन' कहा जा सकता है। लेकिन विशुद्ध शैली और शास्त्र विधान से परे यह 'बणी-ठणी' अपने किसी भी आम दर्शक को किसी चुंबक की तरह न केवल खींचती है बल्कि देर तक बांधे रखने में सफल होती है। कलाप्रेमी राजा या चित्रकार की तो बात ही अलग है।
मय-समय उत्पन्न परिस्थितियों से जो साक्ष्यों के आधार पर कहा जा सकता है कि 'बणी-ठणी' का प्रोट्रेट संभवत: चित्रकार निहाल चंद और राजा सावंत सिंह की साझा कृति है। महाराज सावंत सिंह की मूल कृति से लेकर राज चित्रकार निहाल चंद की अंतिम 'बणी-ठणी' तैयार होने का यह सिलसिला संवत 1755 से 1757 तक चला। इस बीच अन्य चित्र भी बनते रहे। मारवाड़ शैली की उन्नत कलम का यह स्वर्णकाल कहा जा सकता है।
नागर रमणी बणी-ठणी जी के इस विलक्षण पोटे्रट का विवेचन करते हुए यहां हम देखेगे कि इसमें आरूढ़ साक्षात सौन्दर्य गर्विता इस यौवना के यह भाव किस स्तर पर महसूस किए गए? 'बणी-ठणी' ऐसी विलक्षण क्यों और कैसे हुई? इसके सौन्दर्यपरक और शैली मार्गिय शास्त्रीय कारण क्या रहे होगें?
1. मुनि वात्स्यायन ने चित्रशिल्प के षडंगों में संतुलित समायोजन किया था। बाद में उसे चित्रकार अवनीद्रनाथ ठाकुर और पृथ्वी कुमार अग्रवाल ने अपनी पुस्तकों में और सरल किया। अब चित्रकला के विद्यार्थियों को यहां रूप भेद, प्रमाण, भाव, सादृश्य, लावण्य योजना और वर्णिका भंग के संबंध में विवरण बताने का कोई औचित्य नहीं है। यह सब पाठ्यक्रम में उपलब्ध हैं। 'बणी-ठणी' में वह समाहित हैं दूसरी ओर ग्यारहवीं सदी में भोज ने चित्रकर्म या विन्यास के अष्ठांग बताए हैं। यहां चार अंगो को महत्ता दी गई है, शेष की चर्चा पनुरावृति ही होगी।
मध्यकाल में मुगल बादशाह अकबर के जमाने में राजस्थानी और ईरानी हिरात कलम का मेल कराके बाग-बगीचों और व्यक्तिचित्रों को प्रमुखता दी गई। उस काल के प्र्रोट्रेट्स का भी 'बणी-ठणी' पर असर नजर आया। 'बणी-ठणी'  के चित्रकार स्वयं कश्मीरी थे। वहां ऐसे आवक्ष छविचित्रों को शबीह कहा जाता था। ऐसे में 'बणी-ठणी' पर इन शैलियों का पूरा प्रभाव पड़ा और एकचश्म टिपाई, के साथ गदकारी और खुलाई की खुली छाया 'बणी-ठणी' पर छाई रही। इसमें जहां मुगलकालीन बेगमों सा सुबुकपन और नाजुकपन है वहीं झीना ओढऩा कश्मीरी कहानी कहता है। किशनगढ़ के राजमहलों की पृष्ठभूमि में उद्यानों और जलाशयों में नौका विहार के अनेक चित्र हैं, होली, दीवाली और विभिन्न केलि क्रिड़ाओं के अनेकों चित्र हैं जिनमें राजा सावंत सिंह और उनकी प्रिय माडल चित्रित हैं। बहुदा यह प्रस्तुति राधा-माधव के नाम से है, लेकिन यहां हम अपनी 'बणी-ठणी' से ही सरोकार रखेगें।

Bani Thani बनी-ठंनी की देहभाषा

देहभाषा और पांच प्रमुख आकर्षण
मेरी नजर में 'बणी-ठणी' के रूप सौन्दर्य के कम से पांच बिंदु ऐसे हैं जो किसी शुष्क मन को भी एक हद तक भिगों देने की क्षमता रखते हैं। यह पांच बिंदु हैं, 'बणी-ठणी' की आंख, नाक, अधर, ठोढी और घने लहराते केश। कुल मिलाकर यही उसकी देहभाषा भी है। काजल युक्त उसके नयन, जूही की कली सी सुति हुई नाक, चकोर की चोंच से कुछ बाहर की ओर उभरे दहकते अधखुले अधर व नुकीली चिबुक। कोमल काया को कसती चोली और लपेटती ओढऩी और दमकते अलंकारों से किसी भव्य महल या मंदिर का सा आभास होता है। हालांकि पूरी चित्र रचना हल्के सफेद, गुलाबी और सलेटी रंगों से आच्छादित है, लेकिन उसी में देहभाषा के संकेत भी हैं।
ऐसे देखें 
देखिए जब रेखाएं कली की तरह मुंदती लगे तो वह तन्वंगी है। जब रेखाएं फैलती लगे तो वही मोटी अर्थात कामिनी और हस्तिनी है। जहां वह लहराती लगे वहां वह छरहरी है और घूमती सी लगे तो सुडोल देह पुष्ट होती है। इनमेंं डूबने के बाद जब हम इससे उबरते हैं तो यही उद्धाटित होता है कि 'बणी-ठणीÓ की देह के अनुपात अर्थात रेश्यो और समानुपात अर्थात प्रोपोर्शन का साइनाएस्थीसिस भी है। एक ही बॉडी यहां साइज और शेप को निर्धारित कर रही है। अत: यहां समान अनुपात में एक से ज्यादा आकारों और आकृतियों को एक से बिजनेस में इनवाल्व पाते हैं। यह प्रक्रिया एक पैरामीटर और एक जैसी थीम में और ज्यादा सटीक लगती हैं। अगर आप गौर करें तो भुजाएं ही अनुपात को समतुल्य कर रही हैं। इन आयामों के बीच हम देह की मुद्राओं और भंगिमाओं को एक भाव में मिला पाते हैं। मुद्राएं अर्थात पोस्चर्श हड्डियों की संरचना और मांसपेशियों से तय होती है। यही तो आकृति बनाती हैं। अनुसंग में भंगिमाएं याने जेश्चर्स व्यंजक ध्वनियों जैसी हैं। ये वक्रोक्ति जैसी हैं।
यहां मामला कुछ जटिल हो रहा है। इसे आसान बनाने के लिए चित्रकार र.कु. मेघ द्वारा इस संदर्भ में बनाए कुछ रेखाचित्रों को देखते हैं यह उन्होंने खासकर अलग-अलग शैलियों में मुखाकृतियों की भंगिमाएं और डिकांस्ट्रकशंन में खुलती भंगिमाएं और उनका अन्य अंगों से समानुपात अर्थात प्रोपोशंस स्पष्ट करने के लिए चित्रित किए हैं।
हम समानुपातिक ढंग से किशनगढ़ कलम की जयपुर कलम, मांडू-मालवा कलम तथा उदयपुर कलम से तुलना करके उनके रहस्यों को खुलते-उघड़ते देख सकते हैं। यहां एकचश्म मुख वाली एक ही मुद्रा की माप-जोख की गई है। जबकि इसी से मुद्रा के बजाय भंगिमा की बारीकी, विविधता, नवीनता, शैली और टेक्नीक का खुलासा हो रहा है। इनमेेें कपोल और चिबुक की हड्डियों तथा नेत्रों के अस्थिकोटर भंगिमाओं की बारीक विलक्षणता को हाइ-लाइट किया गया है। (देखें रेखा चित्र-1)
रेखा चित्र-1
चित्रकार मेघ की बात सही माने तो किरण के अंतराल से ही सौन्दर्य लुक-छिप कर आता-जाता लगता है। वही रूपराशि और लावण्य ढुलकाता है। एक बहुत छोटा बिंदु या कण या इनसे मिल कर बनी रेखा किसी चित्र की अस्मिता और अभिज्ञान को चिन्हित कर देती है। इसमे देह के भावात्मक रसायन अपनी भूमिका अदा करते हैं। ऐसे में भंगिमा के बेहद महीन जाल बुन जाते हैं। (देखें रेखा चित्र-2)
रेखाचित्र 2 लघु विनिर्मितियों (डिकांस्ट्रकशंन) में खुलती भंगिमाएं  (सभी अंग समानुपात (प्रोपोशंस) में)
अब रेख चित्र 1 व 2 का मिलान करने पर हम समानपात के चक्रव्यूह में प्रवेश करने लगते हैं। इसके बाद भंगिमाएं तथा भावों, व्यक्तित्व तथा प्रवृतियों के मनोरथ, द्वंद्व तथा दुविधा, अंातरिक तथा बाह्य, गुप्त तथा प्रकट आदि की आंख-मिचौनी, भूल-भुलैया तथा अवचेतरन-उद्धाटन को भी जान और समझ लेते हैं। कालातंर में इन भंगिमाओं के अंतराल को जानने पर हम एक दिन अपनी-अपनी अरिर्वचनीय भाषाएं खोज सकते हैं, यही भाषा आगे जाकर हमें कला जगत में औरों से अलग पहचान देती है। लग रहा है यहां विषय परिवर्तन हो गया है, चलिए इस खुले विचरण के बाद फिर से 'बणी-ठणी' की लाइन पर आते हैं।
परचित्र प्रवेश
तो राजस्थान की इस महान कृति को देखने और समझने के लिए शंकराचार्य के 'परकाया प्रवेश' की थ्योरी की तरह हम 'बणी-ठणी' में 'परचित्र प्रवेश' करने की कोशिश करते हैं। ऐसे में हम कुछ सार्थक अनुमान लगाने में सफल हो सकते हैं।
अस्थि संरचना यानी एनॉटमी के आधार पर 'बणी-ठणी' की आंखों के नीचे की हड्डी थोड़ी ऊध्र्य हैं, इससे नाक तथा चिबुक नुकीली हो गई है। ऊपरी जबड़े की संधि में वह अधोमुखी है। जिससे ऊपरी अधर टुक कुछ आगे बढ़ आया है। चित्रकार ने केश राशि को जूड़े में बांधने के बजाय लहराती नागिन सा कुंडलित बनाया है। यह माथे के ऊपर सिर के अर्धविकसित फण से लेकर कपोलों में अधर तक लट बन कर आई है फिर दाएं कंधे पर फैलकर तरंगित और स्पंदित हो रही है। मानो यहां राजा और चित्रकार ने इच्छाधारी नागिन के माइथीम का वैज्ञानिक संकेत दिया हो। परचित्र में' कुछ और भीतर प्रवेश करें तो यह पाते हैं कि नागिन रात को ही पूर्ण यौवना, ललिता और कामिनी होकर शय्याकेलि करती है और ब्रह्मकाल में फिर पूर्वत कुंडलिनी हो जाती है।
इसकी पुष्टि हम इस तथ्य से कर सकते हैं कि किशनगढ़ रियासत के पुष्टिमार्गिय कृष्ण मंदिर में रात के शयन की आठवीं 'सेवकाई' अर्थात रात को अंतिम शय्या-शयन का प्रावधान नहीं था। क्योंकि तब अकेली राधा ही कृष्ण शय्या में केलिमग्न होती थीं। किशनगढ़ में तब केवल बणी-ठणी जी ही उस याम में मंदिर मेंं जा सकती  थीं। एक और पारिस्थिक प्रमाण यह है कि बणी-ठणी जी राजा को कृष्ण तुल्य आराध्य और स्वयं को अष्टछाप मंडल में राधा तुल्य भक्तिन मान बैठी थी। इसी के साथ यह भी कि वे 'रसिक बिहारी' के नाम से कविता और कीर्तन गायन भी करती थीं। 'बणी-ठणी' की हस्ती, मस्ती और परस्ती के ये गूढ़ मनोरहस्य भी एक-एक कर खुलते चले जाते हैं।
(चित्रकार श्री रमेश कुतल मेघ सहित गगानाचंल से साभार)

Bani Thani बणी-ठणी का एक समग्र दर्शन

'बणी-ठणी' के वस्त्राभूषण ठेठ सामंती राजस्थानी हैं। ललाट के ऊपर मांग के आरंभ में गोल स्वर्णिम शिरफूल , उससे निकली मोती लडिय़ां, मोती लडिय़ों को जोड़ता बड़ा सा घंटी नुमा झुमका, खनखनाते मोटे चौड़े से कंगन, कलाई से कुहनी तक चढ़ती सिंदूरी चूडिय़ां, गले के नीचे वक्ष क ऊध्र्व को झुलाता कई लडिय़ों वाला कंठहार, एक बड़ी सी गोल नथनी जिस पर जवाहरात गुंथे हैं।
इसी तरह पहनावे में लाल रंग की चोली, गले से लिपटी सफेद चूनर और उसके ऊपर सलमे-सितारे से टंकी तथा कारों की पत्तों पर गोटो से सधी पिछौरी या पिछवाई नजर आ रही है। 'बणी-ठणी' के अंग-प्रत्यंग गोरे गेहूं के रंग से हैं। हथेली केसर या मेहंदी से अनुरंजित है। आंखों में गहरा काला काजल है। उतनी ही काली लटें है जो कान के नीचे कंधों तक पसरी हैं। घनी भौवें तने धनुष सी और पलकें बड़े कमल की पंखुरी सी है। एकचश्म शैली में चित्रित आंख किसी चंचल मछली सी है। होंठ किसी मीन मुख से रसाकुल और रक्तवर्ण हैं।
'बणी-ठणी' ने अंगूठे और प्रथमा अंगुली की चुटकी से सलमेंदार बंधनी की झीनी पिछौरी थाम रखी है। एक ओर वह जहां घंूघट के पट खोल रही है वहीं पीछे के परिदृश्य से अपने सौन्दर्य को छिपा भी रही है। लिबास की कई तहों में ढका सुनहरी गोट का मुद्रा श्रीचक्र भी मानों सब कुछ कह है। मानों यही वह आद्या शक्तिमयी राधा और त्रिपुरसुंदरी है। कम से कम राजा सावंत सिंह तो यही मानते थे।  यही तो निरूपण का व्यूह है। तभी तो नागरी राधा के दास हो कर रह गए...नागरी दास।
ऐसा लगता है कि 'बणी-ठणी' की स्थली फूलमहल में कहीं है। उसकी वेशभूषा राजसी है। वह आभूषण और रत्नों से सज्जित है। उसकी सघन केशराशि खुली है। पलकों पर तो हैं, लेकिन उसके नीचे नेत्रों में बरौनियां नहीं है। बड़ी-बड़ी घुंघराली जुल्फें और झूलती नथनी, हाथों की अंजनी सी मुद्रा आदि सब मिलकर वातावरण में एक लय सी गुंजित करते हैं।

गुरुवार, 22 नवंबर 2012

'चित्रगीतिका' में बणी-ठणी

राजस्थान के प्रसिद्ध चित्रकार रामगोपाल विजयवर्गीय ने शब्दचित्रों के अपने संग्रह 'चित्रगीतिका' में बणी-ठणी  का जो दिग्दर्शन किया वह यहां प्रस्तुत है।
लहराता मुख पर
शोभा समुद्र
अंगो पर छिटकी
चारू चांदनी रातें हैं
प्रति अवयव पर 

अंगड़ाई रत लावण्य ललित 
महाभाव से  परिचित
बणी-ठणी दर्शन
जिनके खंजन नयन विनत
आलस वश बिखरे
कंच कलाप युग भृकुटि चाप
खंजन पक्षी सम चक्षु
चारु चंद्रिका बिखराती
वदन चंद्र पर
पलक रसीली
चितवन चकित
धरे नासा मुक्ताफल से
सुधा बिंदु सम
अधर पीक की लीक रचे
शोभा शिरीस सम्पुट का
अग्र अधर के मुक्ता
ओस बिंदु सम अवलम्बित
ग्रीवा जैसे
कल्प वृक्ष की शाखा सुन्दर
उठी हुई जो चंद्र वदन तक
हार हीरकों के
दोलित उन्नत उरोज युग पा
जैसे दो सरिता बहती हों
हिमगिरी के ऊपर से
अलकावलि छुटी 

कपोलों पर
जैसे कि धूम्रलेखा
छल्ले बन बन कर
चली जा रही
लट केशों की करती क्रीड़ा
बल खाए बाहु मूल पर
दो भुजंग
कानों में शोभायमान
कुंडल कंधों तक आलंबित
कटिभाग नितंबों की गुरुता 

काले संबल कदली दंडों से
उरु युग पर आश्रित जैसे
दो कमल कोस के चरण
राजमहल बन गया
किशनगढ़ का वृंदावन
फूल महल के 

स्वच्छ सरोवर
की लहरों ने गाए
गीत प्रेम के अविरल।

बुधवार, 7 नवंबर 2012

कोच्ची में भव्य बनाले

कोच्ची में भव्य बनाले 
मूमल नेटवर्क, कोच्ची। कोच्ची मुजिरिस बेनाले 2012 का आयोजन ऑथ्स्पनवाल हाउस में किया जा रहा है। लगभग 1,60,000 स्क्वायर फीट की इस जगह पर होने वाले इस भव्य आयोजन में देश-विदेश के कई नामी-गिरामी कलाकार शामिल होंगे। इसमें भारत के विभिन्न प्रदेशों के कलाकार तो होंगे ही, आस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान ,यूएई, साउथकोरिया, अर्जेनटीना, नीदरलेन्ड और यूके के कलाकार भी शामिल होंगे। कला प्रेमी आयोजन का 12 दिसम्बर 2012 से 13 मार्च 2013 तक लुत्फ उठा पाएंगे।
 महावीर के चित्रों का दिल्ली में प्रदर्शन
मूमल नेटवर्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित और अपने विशिष्ट लघु चित्रण के लिए पहचाने जाने वाले बीकानेर के चित्रकार महावीर स्वामी की पेंटिंग्स का प्रदर्शन यहां द गैलेरी ऑन एमजी में किया गया। आरूषि आर्ट द्वारा इस प्रदर्शनी को अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में आयोजित किया गया था।

मंगलवार, 6 नवंबर 2012

अकादमी का राज्य स्तरीय शिविर पुष्कर में

मूमल नेटवर्क, जयपुर। अजमेर में समीप तीर्थस्थल पुष्कर में नवम्बर के प्रथम सप्ताह में राज्य स्तरीय चित्रकला शिविर आयोजित किया जा रहा है। राजस्थान ललित कला अकादमी द्वारा पांच से नौ नवम्बर तक  आयोजित इस शिविर के लिए राज्यभर से 15 कलाकारों का चयन हुआ है। इनमें उदयपुर से सात, अजमेर व बूंदी  से दो-दो व भीलवाड़ा, जोधपुर व कोटा से एक-एक कलाकार हैं।
पुष्कर में अभी से हो रही कार्तिक मेले की चहल-पहल के बीच वहां आरटीडीसी के पर्यटक गांव में लगने वाले इस शिविर में कलाकारों को स्थानीय दर्शकों के साथ देश-विदेश के पर्यटकों के समक्ष बेहतर रेस्पांस मिलने के अत्यधिक अवसर होते हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इस पांच दिवसीय शिविर में शामिल होने वाले प्रत्येक कलाकार एक-एक कलाकृति बनाएंगे। इसके लिए कलाकार को 10 हजार रुपए मानदेय व अन्य  व्यय अकादमी की ओर से प्रदत्त होंगे।
राजस्थान ललित कला अकादमी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार शिविर के लिए चयनित चित्रकारों में  उदयपुर से हेमंत द्विवेदी, नरेन्द्र सिंह चिंटू, प्रो. मदन सिंह राठौड़, आकाश चोयल, युगल किशोर शर्मा, किरण मोरदिया व मीना बया, अजमेर से लक्ष्यपाल सिंह राठौड़ व अमित राजवंशी, बूंदी से मीनाक्षी भारती व लोकेश जैन, भीलवाड़ा से कैलाश पलिया, कोटा से सुरेश जोशी व जोधपुर से हरीश वर्मा शामिल हैं। पुष्कर के कलाकार अमित वाजपेयी को इस शिविर का स्थानीय समन्वयक बनाया गया है।
नेशनल आर्ट कैंप भी पुष्कर में  होगा 
मूमल नेटवर्क, जयपुर। ललित कला अकादमी दिल्ली की ओर से आयोजित होने वाला राष्ट्रीय स्तर का शिविर भी इस बार पुष्कर में ही आयोजित होगा। यहां मिली जानकारी के अनुसार इस शिविर में भी लगभग 15 कलाकार शामिल किए जाएंगे, जो देश के विभिन्न प्रांतो से चुने जा रहे हैं।

गुरुवार, 1 नवंबर 2012

दर्शक संस्था की दर्शना में दस्तक

शुरुआती दौर में ही लडख़ड़ाए कदम
मूमल नेटवर्क, जयपुर। संगीत और नृत्य के क्षेत्र में प्रतिष्ठित दर्शक संस्था द्वारा पेंटिंग्स और स्कल्पचर के क्षेत्र में बढ़ाए गए कदम अपने शुरूआती दौर में ही लडख़ड़ा गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऐसा फैकल्टीज के बीच उभरे मतभेदों के चलते हुआ।
दर्शक संस्था की ओर से पिछले मई के महीने में मालवीय नगर स्थित उनके नए भवन में पेंटिंग और स्कल्पचर के लिए डिप्लोमा व डिग्री कोर्स शुरू किए गए थे। इसके लिए दर्शक संस्था के साथ एक नया नाम भी सामने आया था जो श्रेष्ठ स्कूल ऑफ पेंटिंग एंड स्कल्चर का था। श्रेष्ठ स्कूल बीकानेर मूल की कलाकार सविता शर्मा द्वारा संचालित है, जिन्हें कला पक्ष का विभागाध्यक्ष बनाया गया। इसका एसोसिएशन दर्शक कॉलेज ऑफ म्यूजिक एंड आर्ट के साथ बताया गया। इसी के साथ जयपुर के जाने-माने मूर्तिकार हंसराज कुमावत को भी इस आयोजन में साथ लिया गया। इस संस्थान में ड्राइंग और पेंटिंग की बेसिक के साथ क्रिएटिव आर्ट, बेसिक कामर्शियल आर्ट, मीडियम एंड टेकनिक्स, ग्राफिक्स, क्राफ्ट, फोटोग्राफी, आर्ट थू्रआउट कम्प्यूटर और थ्योरी के साथ म्यूरल और स्कल्पचर के शिक्षण की बात प्रचारित की गई।
पिछले पांच महीनों में इस संस्थान से करीब 15 विद्यार्थी कला शिक्षा के लिए जुड़े। दूसरी ओर इस दौरान विभिन्न मसलों को लेकर सविता शर्मा और हंसराज कुमावत में मतभेद होने लगे। बात यहां तक बढ़ी कि कुमावत को अपने शिष्यों के साथ दर्शक संस्था के बापू नगर स्थित भवन में आकर शिक्षण कार्य करना पड़ा। ऐसे में मालवीय नगर स्थित भवन सूना होने लगा। उधर श्रेष्ठ स्कूल की सविता शर्मा ने अपने अन्य साथियों के साथ शेष बची गतिविधियों का संचालन जारी रखा है। मूमल द्वारा जानकारी चाहने पर उन्होंने बताया कि कुछ अपरिहार्य कारणों से एक फैक्ल्टी हंसराज कुमावत को उन्हें निकालना पड़ा। श्रेष्ठ स्कूल अपने समझौते के तहत दर्शक कॉलेज से जुड़ा है और अपना काम कर रहा है।
दर्शक संस्था के निदेशक राजीव भट्ट ने बताया कि श्रेष्ठ स्कूल भी हमारी ही संस्था है, हमने इसे इंट्रोड्यूस किया है और अपने चित्रकला क्षेत्र को विकसित करने का कार्य सांैपा है। यह पूछे जाने पर कि श्रेष्ठ स्कूल तो सविता शर्मा का संस्थान है और उन्होंने दर्शक संस्था के साथ मिलकर इसे चलाने के लिए भारी धन खर्च किया है। भट्ट ने बताया कि ऐसा कुछ नहीं है, कोई अपने बैठने के लिए कुछ फर्नीचर या अन्य संसाधन जुटाता है तो उन्हें क्या आपत्ति हो सकती है।
अब आर्ट गैलेरी भी
कला शिक्षण की क्षेत्र में कदम बढ़ाने के बाद अब दर्शक संस्था ने अपने नए भवन में एक कला दीर्घा विकसित करने की योजना भी बनाई है। यह आयोजन भी श्रेष्ठ स्कूल के साथ ही अंजाम दिया जा रहा है। इसके लिए सविता शर्मा और उनकी टीम तो है ही साथ ही बहादुर हेमराणा को भी शामिल किया गया है। यह वहीं बहादुर हैं जो नगर की सबसे प्रतिष्ठित आर्ट गैलेरी समन्वय में काम करते थे और पिछले दिनों वहां से अलग किए गए।

शनिवार, 20 अक्तूबर 2012

आर्ट मार्केट में नई लहर, युवाओं ने खोजा नया बाजार..

शिल्प और कला जगत की गतिविधियों से लबरेज इस अंक में जानिए...
  • आर्ट मार्केट में नई लहर, युवाओं ने खोजा नया बाजार.. पेज-1
  • पिछली तिमाही के बेस्ट सेलर यंग ब्रश... पेज-4
  • राज.ल.क.अकादमी की वार्षिक कला प्रदर्शनी की तैयारियां.. पेज-6
  • पद्मश्री सोभा सिंह की बदहाल आर्ट गैलेरी की दस्तान.. पेज-11
  • वरिष्ठ चित्रकार स्व.परमानंद चोयल की कला यात्रा... पेज-9
  • चित्रकला को समर्पित साखलकर को प्रज्ञा पुरस्कार.. बैक कवर
...और भी बहुत कुछ जिसकी मूमल से उम्मीद की जा सकती है।
सोलह पेज का पूरा अखबार पाने के लिए नीचे टिप्पणी के स्थान पर अपना ई-मेल हमें भेजें। ताकि हम पेपर की पीडीएफ कॉपी भेज सकें। आप अपना ई-मेल हमारे ई-मेल  moomalnews@gmail.com  पर भी छोड़ सकते हैं। आपका स्वागत हैं।
आपकी
मूमल 

गुरुवार, 11 अक्तूबर 2012

मानसिक विमंदित बच्चों के लिए चित्र प्रदर्शनी...Day-1

'मूमल' के आह्वान पर कुछ संवेदनशील कलाकारों ने मेंटली चैलेंन्ड (मानसिक विमंदित ) बच्चों के लिए अपना काम दान किया गया है।  इसका पूरा प्रतिफल उनकी संस्था 'शुभदा' को दिया जाएगा।  पूरी चित्र प्रदर्शनी देखने के लिए मूमल के इस गलियारे में आते रहिएगा। थोड़ा-थोड़ा रोज प्रदर्शित करने का प्रयास होता रहेगा। 
इस ओन लाइन प्रदर्शन प्रयास की जानकारी साझा करके हम ब्लोगर भी इस पुनीत कार्य में महान सहयोग कर सकते है।
Artist:Dr.Amit Rajvanshi,Title: Speed, Media: Pencil Drawing on paper, Size:A-4,

Artist: Laxyapal Singh, Title:Ektara,  Media: Oil Pastel on paper,  Size:34"x24"
Artist:Prahlad Sharma, Title:Neture in Black,  Media: Oil on Canvas,  Size:24"x24"

Artist:Vikram Singh, Title: Symmetry,  Media:Acrylic on paper,  Size:12"x15"

Artist:Rupali Mathur , Title:Beauty in Nature,  Media:Water Color on Paper,  Size:15"x22"






(शेष अगले अंक में )

गुरुवार, 27 सितंबर 2012

खुद में खोए कलाकारों का जमावड़ा, अगले महीने दिल्ली में...

  दिल्ली में अगले महीने आईफैक्स में आयोजन

मूमल नेटवर्क, नई दिल्ली। राजधानी की आईफैक्स आर्ट गैलेरी में नवम्बर माह में देश भरके अनुभवी चित्रकारों के साथ युवा कूची के तेवर भी देखने को मिलेंगे।
'पेन्ट फार जस्टिस' के नाम से होने वाले इस प्रदर्शन में मुख्यतया दो विचारों का दर्शन समेटने का प्रयास होगा। पहला ये कि कलाकार उन विषयों को अपनी कृतियों में उकेरे जिन से आम व्यक्ति मानसिक रूप से घायल हुआ है। दूसरा विचार यह है कि इस आयोजन के जरिए उन कलाकारों को मुख्य सामाजिक धारा में जोड़ा जाए जो अभी खुद में ही खोए हुए हैं।

इस आयोजन के लिए बड़े पैमाने पर व्यवसायिक व्यवस्थाएं की गई हैं, इसमें भाग लेने के लिए प्रत्येक कलाकार से 1100 रुपए शुल्क लिया गया है। इसके प्रचार-प्रसार के लिए पेशेवर लोगों की सेवाएं ली गई हैं, यह बात अलग है कि देशभर में वरिष्ठ कलाकारों के विभिन्न गुटों ने इस आयोजन को दरकिनार किया है।

इस आयोजन में प्रत्येक राज्य से ग्यारह-ग्यारह कलाकारों के दल भाग लेंगे। इन कलाकारों के दल मेंं एक सीनियर आर्टिस्ट उनका कन्वीनर होगा। राजस्थान से जाने-माने चित्रकार और कला शिक्षक डा. अनुपम भटनागर के प्रतिनिधित्व में जो दल इस प्रदर्शन में भाग लेगा उसमें जयपुर से रमेश शर्मा, जोधपुर से प्रदिप्तों दास, अजमेर से रूपाली माथुर, कोटा से डा. सुरेश प्रजापति, कुचामन सिटी से गिरीश, भीलवाड़ा से अनिल मोहनपुरिया, एस.एन. सोनी, निशा कानावत व सौरव भट्ट, उदयपुर से डा. मोहनलाल जाट, व बांसवाड़ा से स्वयं डा. अनुपम भटनागर शामिल हैं।
पेंन्ट फार जस्टिस के लिए राजस्थान से डा. अनुपम भटनागर की नई कृति 'ओह! मेरा बचपन'  इसे केनवास पर एक्रेलिक रंगों से सजाया गया है। इसका आकार है 24 गुणा 30 इंच।  कृति पर कलाकार ने कविता भी लिखी है।
  कविता
ओह! मेरा बचपन
कोई है?
जो दिलाए मुक्ति;
बैग के बोझ से
और
लौटा दे मेरा बचपन
ए बी सी और वन टू थ्री ने
खो दिया जिसे...
बैग, बोतल, टिफिन का
कंधे तोड़ता बोझ
सभी ने किया बदरंग
बचपन का रंग...
नानी की कहानियां
आइस-पाइस, छुप्पा-छुप्पी
लंगड़ी-टांग, पकड़म-पकड़ाई
सब... वो-मारा वो-काटा
मेरी गुडिय़ा
उसकी शादी
खेल मेरे बचपन के
बस रस्में निभाई...
सबका गौना सबकी विदाई
फिर एक दिन दब गया
बैग तले बचपन
ओह! मेरा बचपन
झूल रहा है बैग में...
डा अनुपम भटनागर द्वारा अपनी कृति पर लिखी पहली कविता 

शनिवार, 4 फ़रवरी 2012

जयपुर कला मेला पर निवेशकों कि पेनी नजर

मूमल नेटवर्क, जयपुर। अंतत: राजस्थान कला अकादमी ने भी कला बाजार की अहमियत को माना और कला मेले में प्रदर्शन के लिए लगाई जाने वाली कृतियों के लिए मेला स्थल के बाहर भी बायर उपलब्ध कराने को अपने स्तर पर योजना बनाई।
इससे पूर्व मेला प्रांगण में आने वाले कला प्रेमियों पर ही कलाकृतियों की खरीद निर्भर करती थी। प्रदेश में अपनी बेहतर प्रतिष्ठा बना चुके अकादमी के कला मेले पर पिछले कुछ वर्षों से कला प्रेमियों के साथ कला व्यवसायियों और इस क्षेत्र में पूंजी निवेश करने वालों का ध्यान भी केंद्रित होने लगा है। क्यों कि कला मेले में किसी भी कला दीर्घा से अधिक काम की व्यापक रैंज उपलब्ध होती है। यहां सामान्य बायर और निवेशक को अपने स्तर पर कलाकृति की कीमत का आंकलन करने के अवसर अधिक मिलते हैं। साथ ही कला का खुला आकाश होने के कारण फॉल्स बायर से मिलकर कॉस्ट फिक्सिंग कराने वालों की दाल नहीं गलती। कला मेले का सबसे प्रभावी पक्ष यह माना जा सकता है कि प्रदेश भर के कलाकार यहां आकर अन्य कलाकारों के समकालीन काम को देखते हैं और उन्हें कला जगत में अपनी वास्तविक स्थिति का भान होता है।
एक मुश्त में रुचि नहीं
प्रदेश में पिछले कुछ अर्से में हुई कला गतिविधियों के बाद यह तस्वीर साफ होने लगी है कि आर्ट बायर और इनवेस्टर दोनों ही अब बड़े कलाकारों की मंहगी कृलाकृतियों पर एक मुश्त पैसा लगाने के बजाय उभरते कलाकारों के बेहतर काम पर छोटे-छोटे निवेश करने लगे हैं। इसमें लागत और जोखिम तो कम होती ही है, कलाकार की हाईट अचानक बढ़ जाए तो निवेश किया हुआ धन कई गुना बढऩे के अवसर बनते हं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण कुछ सालों पहले शकील सिद्दकी के काम पर एक दैनिक अखबार के युवा निदेशक द्वारा किया हुआ निवेश है, जो अब कई गुना हो चुका है। इसी प्रकार एक कार्पेट व्यवसायी आर्ट कलेक्टर द्वारा चन्द्र प्रकाश सैन के काम पर किया जा रहा निवेश चर्चा में है। जयपुर की शीतल चितलांगिया, भीलवाड़ा के अनिल मोहनपुरिया व सौरभ भट्ट तथा उदयपुर के मोहनलाल जाट व गौरव शर्मा के काम पर भी निवेशकों की नजर है।
वरिष्ठ कलाकार करेंगे मूल्य आंकलन
कलाकृतियों का मूल्य निर्धारित करने के लिए इस बार वरिष्ठ कलाकारों की मदद ली जाएगी। हालांकि प्रदेश में अभी तक कोई स्वतंत्र और निष्पक्ष आर्ट वैल्युवर नहीं है, लेकिन वरिष्ठ कलाकारों की मदद से नवोदित कलाकारों को अपने काम की कीमत का सही अंदाज तो होगा। यह आशा भी की जा रही है कि अकादमी के इस प्रयास से कलाकारों में 'मिथ्या मूल्य निर्धारण' की प्रवृति कुछ कम होगी। राहुल सेन

रविवार, 22 जनवरी 2012

छोटे शहरों में बन रही है कला बाजार की नई टेरेटरी

जयपुर के कई आर्ट कलेक्टर बताते हैं कि उनके पास दिल्ली, हैदराबाद, सूरत, भोपाल, लखनऊ और गया जैसे शहरों से लोगों के फोन आते हैं। वे यहां के आर्ट और आर्टिस्टों के बारे में जानना चाहते हैं। वे यहां के कलेक्शंस को खरीदने में रुचि दिखाते हैं। उनके पास पैसा तो है लेकिन यहां के आर्ट और आर्टिस्टों तक पहुंच नहीं है।
वैसे तो भारतीय कला बाजार को मॉनिटर करने का कोई ठोस तंत्र विकसित नहीं हो पाया है, फिर भी एक्सपट्र्स की मानें, तो यह लगभग एक हजार करोड़ से सोलह सौ करोड़ के बीच होगा। पिछले दस सालों में उसमें तेजी से इजाफा हुआ है। हमारी कला के कद्रदान और खरीदार बढ़ रहे हैं। पर कुल मिलाकर इसका बाजार बहुत असंतुलित है। यह अभी तक दो बड़े शहरों तक सिमटा हुआ है- दिल्ली और मुंबई। या फिर विदेशों में। इसके अलावा इसका कलेक्टर बेस भी बहुत छोटा है। लेकिन 500 से भी कम कलेक्टरों के साथ इस बाजार में अभी बहुत संभावनाएं हैं। यहां चीन का उल्लेख करना जरूरी है। चीन का कला बाजार भारत के मुकाबले 40 गुना बड़ा है। चीन की तरह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहुंच बनाने के लिए कई दूसरे तरीके तलाशने की जरूरत है।


कारोबारी गतिविधियां बढ़ी: अधिकतर कला विशेषज्ञ मानते हैं कि भारतीय कला बाजार का भविष्य बड़े शहरों पर निर्भर नहीं करता। अब वक्त आ गया है जब उसे अपने लिए नई टेरिटरी तलाशनी होगी। यह टेरिटरी उसे छोटे शहरों के रूप में मिल सकती है। सच तो यह है कि पिछले कुछ समय में देश के छोटे शहरों का बहुत तेजी से विकास हुआ है। जयपुर तक को अभी कला बाजार के छोटे शहरों में ही गिना जा रहा है। हालांकि यहां कारोबारी गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे समृद्धि आई है। जैसे-जैसे छोटे शहरों में पैसा आएगा, वैसे-वैसे वहां कला के कद्रदान बढ़ेंगे। राजस्थान में जयपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा और भीलवाड़ा के कलाकारों ने देश के आर्ट कलेक्टरों में स्थान बनाना शुरू किया है। जयपुर के कई आर्ट कलेक्टर बताते हैं कि उनके पास दिल्ली, हैदराबाद, सूरत, भोपाल, लखनऊ और गया जैसे शहरों से लोगों के फोन आते हैं। वे यहां के आर्ट और आर्टिस्टों के बारे में जानना चाहते हैं। वे यहां के कलेक्शंस को खरीदने में रुचि दिखाते हैं। उनके पास पैसा तो है लेकिन यहां के आर्ट और आर्टिस्टों तक पहुंच नहीं है। ऐसे लोगों को आर्ट पीसेज उपलब्ध हों, इसके लिए उन्हें राजस्थान में कुछ खास आर्टिस्टों के काम तक सिमटी कला दीर्घाओं से बेहतर किसी तटस्थ प्लेटफार्म की जरूरत है।
विदेशों में भी भारतीय कला के कद्रदानों की कोई कमी नहीं है। कला बाजार को उनकी भी बहुत जरूरत है। पिछले साल एक नीलामी के दौरान एक अमेरिकी ने हुसैन की पेंटिंग को 10 लाख डॉलर से भी अधिक कीमत में खरीदा था। हांगकांग में हुई नीलामी में भी चीनी और इंडोनेशियाई खरीदारों ने भारतीय कला में खासी दिलचस्पी दिखाई थी। यह भारतीय कला बाजार के लिए अच्छा संकेत है। वैसे भारतीय कला के चार स्तंभों की मांग अब भी सबसे ज्यादा है। जिस किसी के भी पास पैसा है वह हुसैन, रजा, सूजा या मेहता के कैनवास को अपने कलेक्शन में शामिल करना चाहता है। मंदी के दिनों में भी उनकी लोकप्रियता या कीमत में कोई कमी नहीं आई थी। इन चार स्तंभों के अलावा जामिनी रॉय, टैगोर, वीएस गायतोंडे, अकबर पदमसी और रामकुमार जैसे कलाकारों की भी मांग है। पिछले महीने लंदन के एक एनालिस्ट ने भारतीय कला बाजार की स्थिति पर एक रिपोर्ट जारी की, जिसमें उसने कहा कि बाजार विशेषज्ञ आधुनिक भारतीय कला को लेकर बहुत पॉजिटिव हैं। इसके बावजूद कि अप्रैल 2011 से भारतीय कला बाजार के कॉन्फिडेंस इंडिकेटर में 28 परसेंट की गिरावट हुई थी। बहरहाल विदेश का बाजार तो अपनी जगह है ही, अपने देसी बाजार को भी और मजबूत करने की जरूरत है। अगर वे बाजार जम गए तो देश के उभरते कलाकारों को भी काफी लाभ होगा।
मशहूर भारतीय पेंटर सैय्यद हैदर रजा के पिछले साल भारत लौटने बाद भी उनके काम के दाम स्थिर हैं। रजा भारतीय कला की उस मशहूर चौकड़ी की आखिरी कड़ी हैं, जो कला के बाजार पर राज करती रही है। इनमें से तीन एम।एफ. हुसैन, सूजा और तैय्यब मेहता अब इस दुनिया में नहीं हैं। इसके बावजूद भारतीय कला बाजार में इस चौकड़ी की हिस्सेदारी आधी से ज्यादा है करीब 50 से 60 परसेंट तक। -राहुल सेन

शुक्रवार, 20 जनवरी 2012

एसएसजी पारीक गल्र्स की नवीन अभिव्यक्तियों का सृजन

मूमल नेटवर्क, जयपुर। चौमू के एसएसजी पारीक स्नातकोत्तर गल्र्स कॉलेज की ड्राइंग सेक्शन की छात्राओं की पेंटिंग्स जवाहर कला केंद्र की सुरेख आर्ट गैलेरी 10 से 12 जनवरी तक आयोजित की गई।
इस साल प्रदर्शनी में कॉलेज स्टूडेंट्स की अनेक नई अभिव्यक्तियां देखने को मिली। किसी ने अपनी तूलिका के जरिए प्रकृति के रंगों को अपनी अभिव्यक्ति में पिरोया, तो किसी ने मातृत्व प्रेम को उजागर किया। ं
प्रदर्शनी का उद्घाटन उद्योग मंत्री राजेंद्र पारीक ने किया। कॉलेज के फाइन आट्र्स विभाग के प्रमुख दिनेश कुमावत के दिशा निर्देशन मेें इस साल 30 पेंटिंग्स प्रदर्शित की गई। इन पेंटिंग्स में छात्राओं ने प्रकृति के साथ-साथ गॉड फिगर्स को शामिल किया है। साथ ही नारी की भी प्रतिमाएं बनाई हैं।
इन पेंटिंग में अलग-अलग थीम पर ऑयल कलर्स को बेहतरीन तरीके से कैनवास पर उकेरा गया है। सभी थीम कंपोजिंग, मानवाकृति, प्राकृतिक और सेल्फ कंपोजिंग पर आधारित हैं। कुमावत ने बताया कि इस एग्जिबिशन का मुख्य उद्देश्य फाइन आट्र्स की छात्राओं को कस्बे से निकल कर शहर की कला गतिविधियों से रूबरू कराना था।
पहले ही दिन सेल
प्रदर्शनी में खासतौर पर छात्राओं की बनाई पेंटिंग्स में से पहले दिन तीन पेंटिंग की सेल भी हुई। ऐसे में सभी छात्राएं उत्साहित नजर आ रही थीं। एक छात्रा ने बताया कि यह उनकी पहली पेंटिंग है। उल्लेखनीय है कि जयपुर के कला बाजार में पिछले कुछ समय से बायर्स का रुझान पुराने या स्थापित कलाकारों के काम के बजाय बेहतर संभावनाओं वाले नए हस्ताक्षरों की ओर अधिक होता जा रहा है।